ढोल की थाप पर वसूली करने निकली नपा

सीहोर। आर्थिक संकट के दौर से गुजर रही सीहोर नगरपालिका ने बकाया कर वसूली के लिए पारंपरिक ढोल का सहारा ले लिया है. लगभग 26 करोड़ रुपए के सम्पत्तिकर, जल कर और दुकानों के किराए की राशि बकाया होने के चलते नपा ने सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार सेे बकायादारों के घरों के बाहर ढोल बजाकर कर वसूली का अभियान छेड़ दिया है. पहले दिन आधा दर्जन बकायादारों के दरवाजों पर ढोल बजवाए. बताया जाता है कि इन दिनों नपा आर्थिक संकट के दौर से गुजर रही है. ऐसे में नपा के सभी आवश्यक कार्यों पर विपरित असर पड़ रहा है, वहीं विकास कार्यों पर भी इसका प्रभाव देखने को मिल रहा है. नतीजतन अपनी आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए एक बार फिर नपा ने उन बकायादारों पर नकेल कसने का अभियान छेड़ दिया है जिनसे नपा को कई सालों का लाखों रुपए का कर लेना बकाया है.

नपा सूत्रों के अनुसार शहर में करीब 26 करोड़ रुपये की राशि अलग-अलग मदों में लंबित है. इतनी बड़ी रकम अटकी रहने से विकास कार्यों पर सीधा असर पड़ रहा है. सड़क, सफाई, पानी और प्रकाश व्यवस्था जैसे कामों के लिए राजस्व की जरूरत होती है, लेकिन बकाया नहीं मिलने से योजनाएं प्रभावित हो रही हैं.

कौतूहल का केन्द्र बनी नपा की यह अनोखी मुहिम

सोमवार को नपा का राजस्व अमला ढोल बजवाते हुए शहर की सड़कों पर निकला तो हर किसी की कौतूहल भरी निगाह उन पर जा टिकी. आगे- आगे ढोल बजाते युवकों के पीछे राजस्व निरीक्षकों के अलावा कर्मचारी चल रहे थे. यह दल मछली बाजार स्थित बकायादारों के प्रतिष्ठानों पर पहुंचा. इस दौरान उन्हें नोटिस थमाते हुए बकाया कर अदा करने को कहा गया. ढोल बाजे के साथ आए नपा के अमले को देखते हुए बकायादारों ने दस दिन की मोहलत मांगी और अपनी जान छुड़ाई. इसी तरह वार्ड क्रमांक 24 में भी सालों से बकाया कर अदा करने में हीला- हवाली कर रहे तीन उपभोक्ताओं के दरवाजों पर जब ढोल बजे तो उन्होंने भी हर हाल में दस दिन के अंतराल में अपना कर जमा करने वादा किया.

कई सालों से बकाया चली आ रही है करोड़ों की राशि

नगरपालिका को अपने बकायादार उपभोक्ताओं से कई सालों की बकाया कर राशि वसूलना है, लेकिन नपा के राजस्व विभाग द्वारा बरती जा रही ढिलाई के चलते पर्याप्त वसूली नहीं हो पा रही है. नतीजतन साल दर साल कर की बकाया राशि बढ़ती जा रही है. राजस्व विभाग के संजय शुक्ला की मानें तो नपा को संपत्ति कर के रूप में लगभग 20 करोड़ रुपए, जलकर के पांच करोड़ से अधिक व अपनी मिल्कियत की लगभग 450 दुकानों से 40 लाख रुपए का कर वसूलना है, लेकिन कई बार नोटिस थमाए जाने के बाद भी बकायादार कर अदा करने में गंभीरता नहीं बरत रहे हैं. ऐसे में नपा ने आज उनके दरवाजे पर ढोल बजवाए हैं.

पूर्व में भी चला चुकी है नपा ढोलपीटो अभियान

नगरपालिका की इस कार्रवाई को लेकर शहर में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कुछ नागरिक इसे आवश्यक और प्रभावी कदम बता रहे हैं, तो कुछ लोग इसे सार्वजनिक अपमान का तरीका मान रहे हैं. हालांकि राजस्व निरीक्षक संजय शुक्ता का कहना है कि कानून के दायरे में रहकर ही कार्रवाई की जा रही है. जिन उपभोक्ताओं के यहां ढोल बजवाए गए, उन्हें पहले कई बार नोटिस जारी किए जा चुके थे. इसके बावजूद भुगतान नहीं होने पर यह कार्रवाई की गई. अब देखना है कि यह कदम कितना कारगर साबित होता है, क्योंकि दो साल पहले भी नपा ने ऐसे ही ढोल बजाकर वसूली करने का अभियान चलाया था जो एक दो बार के बाद ही बंद हो गया था.

आगामी दिनों में शुरू होगी कुर्की

उपभोक्ताओं द्वारा यदि बकाया कर राशि शीघ्र जमा नहीं की गई तो कुर्की, सीलिंग व नाम सार्वजनिक करने जैसी कार्रवाइयां भी की जा सकती हैं.नपा का यह कदम अन्य बकायादार उपभोक्ताओं के लिए भी चेतावनी है कि वे समय रहते अपना कर जमा कर दें.

संजय शुक्ला

राजस्व प्रभारी, नपा

Next Post

नीलबड़ और कोलार में चला प्रशासन का बुलडोजर, अवैध निर्माण ध्वस्त

Tue Feb 17 , 2026
भोपाल। नगर निगम व जिला प्रशासन ने सोमवार को अतिक्रमण हटाने की संयुक्त कार्रवाई की. जिसकी शुरुआत नीलबड़ में डीपीएस स्कूल क्षेत्र में की गई. यहां पर निर्माणाधीन शॉपिंग काम्प्लेक्स में प्रथम तल पर अवैध रूप से चार दीवारों का निर्माण किया गया था. जिनको बुलडोजर के द्वारा तोड़ा गया. […]

You May Like