कांग्रेसी नेता सेना के शौर्य को राजनीति की तराजू में तौलते रहे हैं: शिवराज

नयी दिल्ली,14 मई (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कहा कि देशहित और राष्ट्र प्रथम की भावना कभी कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा का हिस्सा नहीं रही और कांग्रेसी नेता सेना के शौर्य को राजनीति की तराजू में तौलते रहे हैं।

श्री चाैहान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि एक दौर था जब निर्णय राष्ट्रहित से परे होते थे। लेकिन अब नया भारत है और राष्ट्र के हित में निर्णय लिये जाते हैं। उन्होंने कहा, “ राष्ट्र प्रथम – एक नया भारत।भारतीय सेना के शौर्य को प्रणाम। उस पराक्रम को नमन जिसने दुश्मनों को उनके घर में घुसकर जवाब दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उस सटीक रणनीति को प्रणाम जिसके कारण आज भारत अपने हर शत्रु को मुँहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। आज राष्ट्र प्रथम की नीति का एक नया युग है और इस नीति को शत-शत प्रणाम।”

भाजपा नेता ने अक्साईचिन का उल्लेख करते हुए कहा,“अब समय बदल गया है और सरकारें भी बदली गयी लेकिन कांग्रेस की सोच नहीं बदली। उन्होंने कहा कि जब भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक की, तब कांग्रेस ने सवाल उठाया। जब एयर स्ट्राइक में दुश्मन को करारा जवाब मिला, तब कांग्रेस ने सबूत माँगा। जब गलवान में हमारे जवानों ने पराक्रम दिखाया, तब कांग्रेस नेताओं ने सेना की रणनीति पर ही सवाल उठा दिए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बार-बार विदेशी मंचों पर भारत की नीतियों और सेना की कार्रवाईयों को बदनाम करते रहे हैं।” उन्होंने कहा, “ देशहित और राष्ट्र प्रथम की भावना कभी कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा का हिस्सा नहीं रही। वे सेना के शौर्य को राजनीति की तराजू में तौलते रहे है।”

श्री चौहान ने कहा कि आज युग बदल गया है। भारत भी बदल गया है। हर भारतीय के मन में सिर्फ एक मंत्र- राष्ट्र प्रथम है। मातृभूमि का हर कण हमारे प्राण से भी अधिक मूल्यवान है। कोई भी भारत की संप्रभुता पर प्रश्न नहीं उठा सकता क्योंकि अब ‘नीति’ और ‘शक्ति’ से जवाब दिया जाता है।

Next Post

यादव, लाड़ली बहनों के खातों में 15 मई को राशि करेंगे अंतरित

Wed May 14 , 2025
भोपाल, 14 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरूवार को सीधी जिले की तहसील गोपदबनास (सीधी खुर्द) से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना और सिलेंडर रिफिलिंग योजना की मई माह की राशि हितग्राहियों के खातों में अंतरित करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव सीधी के […]

You May Like