उज्जैन: ड्रायवरी करने वाले युवक ने ऑनलाइन सल्फास की गोली मंगवाई और पत्नी को वीडियो कॉल कर खा ली। पत्नी और बेटा घर पहुंचे और उसे अस्पताल लाया गया जहां कुछ घंटे चले उपचार के बाद मौत हो गई। मृतक कुछ साल पहले दुर्घटना में घायल हो गया था। इसके बाद उसे लकवा भी लग गया था। वह चलने फिरने में असमर्थ हो चुका था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चिमनगंज थाना क्षेत्र के बजरंग नगर में रहने वाला जितेन्द्र पिता प्रेमनारायण कुशवाह 42 वर्ष ड्रायवरी करता था। कुछ साल पहले हुई दुर्घटना के बाद उसे लकवा हो गया था। जिसके चलते वह काम नहीं कर पा रहा था। पत्नी माया और बेटा यश काम कर घर का खर्च चला रहे थे। बीती शाम जितेन्द्र ने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल किया और कहा कि मर रहा हूं। लेकिन पत्नी ने पूर्व में भी कही गई इसी तरह की बात को देखते हुए वीडियो कॉल पर कही गई बात को नजरअंदाज कर दिया।
देर शाम पत्नी और बेटा घर लौटे तो जितेन्द्र बेसुध हालत में पड़ा दिखाई दिया। उसे अस्पताल लाया गया जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के दौरान छोटे भाई राम ने बताया कि घटनाक्रम के बाद जितेन्द्र का मोबाइल देखा गया। इस दौरान सामने आया कि उसने ऑनलाइन सल्फास मंगवाई थी। वह दो बार ऑनलाइन ऑर्डर कर चुका था। 12 दिन पहले ही सल्फास की डिलेवरी हुई थी। घर से सल्फास का पाउच भी मिला है। फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आज सुबह पोस्टमार्टम करवाया है।
