बाइक सवार बदमाशों ने डीजे संचालक को सरेआम मारी गोली

सतना अगले दिन सरेआम डीजे संचालक को गोली मार दी. गोली लगने से घायल डीजे संचालक को उपचार के लिए मेडिकल कालेज रीवा रेफर कर दिया गया. वहीं पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाकर आरोपियों की पहचान करते हुए उन्हें पकडऩे के प्रयास किए जा रहे हैं.

प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर में शुक्रवार को भी काफी लोगों द्वारा मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा था. जिसके चलते सुबह से शुरु हुआ सिलसिला देर रात तक जारी रहा. मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए कई आयोजकों द्वारा गाने-बजाने के लिए डीजे भी बुक किया गया था. जिसके चलते शहर के कई डीजे संचालक अपना-अपना डीजे लेकर दुर्गा प्रतिमाओं के साथ चल रहे थे. बताया गया कि मां दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन होने के बाद रात के लगभग 1 बजे कुछ युवकों ने डीजे संचालक अंकुर गुप्ता उम्र 24 वर्ष निवासी टिकुरिया टोला से डीजे बजाने के लिए कहा. जिस पर डीजे संचालक अंकुर ने प्रशासनिक पाबंदी का हवाला देते हुए कहा कि देर रात डीजे बजाने पर पुलिस द्वारा जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी. लेकिन यह सुनकर युवक भडक़ गए और अंकुर के साथ गाली-गलौच करने लगे. इसके बावजूद भी जब अंकुर डीजे बजाने को राजी नहीं हुआ तो युवक उसे धमकाते हुए वहां से चले गए. अंकुर को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि उसके ऊपर खतरा मंडरा रहा है. इसी कड़ी में शनिवार की दोपहर 2 बाइक पर सवार होकर तीन युवक अंकुर की दुकान पर डीजे बुक कराने के बहाने पहुंच गए. बातचीत करने के दौरान जैसे ही अंकुर उनकी ओर बढ़ा वैसे ही एक युवक ने कट्टा निकाला काफी नजदीक से अंकुर के सीने को निशाना बनाते हुए फायर कर दिया. गोली मारने के फौरन बाद ही तीनों युवक वहां से भाग निकले. जब तब आस पास मौजूद लोग कुछ समझ पाते तब तक गोली लगने से घायल अंकुर जमीन पर गिर चुका था. जिसे देखते हुए आनन-फानन में अंकुर को स्कूटी पर लादकर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया.

कंधे पर लगी गोली

जिला चिकित्सालय में ड्यूटी पर मौजूद सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. आलोक खन्ना ने अंकुर का उपचार शुरु किया. गोली अंकुर के कंधे में लगी थी, जिसके कारण उसे स्वास्थ्य संबंधी कुछ समस्याएं सामने आ रही थीं. अंकुर की हालत को देखते हुए प्रारंभिक उपचार के बाद उसे आगे के इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर कर दिया गया. जहां पर उसका उपचार जारी है. वहीं घटना की जानकारी मिलने पर सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी और कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंच गए और घायल से आवश्यक जानकारी जुटाई.

एक आरोपी की हुई पहचान

घट नरा की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली, कोलगवां थाना प्रभारी, सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह, और प्रशिक्षु डीएसपी आशुतोष त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए. पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के बाद घटना में शामिल एक आरोपी की पहचान बजरहा टोला निवासी जितेंद्र बसोर के तौर पर कर ली. सीएसपी के अनुसार आरोपियों को पकडऩे के लिए पुलिस की 3 टीमें गठित कर दी गई हैं. सभी संभावित स्थानों पर नाकाबंदी और छापेमारी करते हुए धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं.

Next Post

मुख्य मार्ग हो रहा जर्जर, लोग होते हैं परेशान

Sun Oct 5 , 2025
इंदौर. जब भी शहर के विकास कार्य की बात होती है तो नगर निगम द्वारा सुंदर सड़कों का बखान किया जाता है लेकिन आज भी कई ऐसे क्षेत्र है जहां सड़कों के नाम पर मिट्टी, गड्ढे और पत्थर मौजूद हैं. शहर की सीमा से लगे क्षेत्रों में तो और भी […]

You May Like