
इंदौर. जब भी शहर के विकास कार्य की बात होती है तो नगर निगम द्वारा सुंदर सड़कों का बखान किया जाता है लेकिन आज भी कई ऐसे क्षेत्र है जहां सड़कों के नाम पर मिट्टी, गड्ढे और पत्थर मौजूद हैं. शहर की सीमा से लगे क्षेत्रों में तो और भी ख़स्ता हाल है.
देव गराड़िया मार्ग पर उद्योग नगर क्षेत्र में अभिषेक नगर बसा हुआ है. यह क्षेत्र वार्ड क्रमांक 51 में आता है. प्रभु तोल कांटा के सामने अभिषेक नगर मध्यम वर्ग जीवन गुज़ारनें वालों से भरा पड़ा है. क्षेत्र में पहुचने पर ज्ञात हुआ कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधा ब-मुश्किल से मिला करती है. इसके अलावा जब क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर पड़ी विकास की बात साफ हो गई. यहा मुख्य मार्ग पूरी तरह से जर्जर हालतों में है. कहीं गड्ढे तो कहीं बड़े-छोटे पत्थर राहगिरों को मुसीबत में डाल रहे हैं. कच्ची सड़क होने के कारण सीवरेज के चेंबर की गंदगी मार्ग पर जमा रहती है. क्षेत्र में इससे जो बीमारियां फैल रही है उस पर ध्यान देना तो दूर की बात है. बरसात के महीनों में यहां से गुज़रना लोगों के लिए बड़ा कठिन हो जाता है. कई लोग गिरते पड़ते घायल होते है. इस मार्ग को पक्का बनाने की कवायद आज तक शुरू नहीं की गई. जबकि यह मार्ग उद्योग नगर से मूसाखेड़ी क्षेत्र को जोड़ता है. शॉर्ट कट के लिए अधिकांश लोग इसी मार्ग से गुज़रते हैं.
इनका कहना है…
रहवासी बस्ती होते हुए भी यहां भारी वाहनों का प्रवेश होता है. इन वाहनों से कच्ची सड़क और धंस जाती है और मार्ग पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो जाते हैं, जो राहगिरों को परेशानी में डाल देते हैं.
– राजवीर सिंह
जर्जर मार्ग से सभी को परेशानी होती है. सुना था सड़क बनेगी लेकिन कब यह नहीं मालूम. सड़क बनने से लोगों की कई समस्याएं ख़त्म होगी. विकास होगा तो सब होगा. क्षेत्र साफ, सुथरा और सुंदर भी होगा.
– शिव पाल
समस्याएं तो बहुत है. फिलहाल तो इस मुख्य मार्ग को पक्का बना दिया जाए तो बहुत सुविधा होगी. कच्ची सड़क पर सीवरेज की गंदगी लोगों के लिए और मुसीबतें बढ़¸ा देती है. इसका कुछ किया जाए.
– हरि ओझा
विधायक निधि से जल्द कार्य करवाएंगे
तीन वर्षों से फाईल बना कर निगम में दे रखी है लेकिन अवैध कॉलोनी होने के कारण महापौर उसे पास नहीं कर रहे हैं. जल्द ही इस मार्ग के विकास कार्य को विधायक निधि से करवाएंगे.
– मलखान सिंह कटारिया, पार्षद
