भिंड: महाशिवरात्रि का पर्व पूरे उत्साह और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। जिले के छोटे-बड़े सभी शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। रात 12 बजे जैसे ही मंदिरों के पट खुले, कांवड़िए गंगाजल लेकर पहुंचे और भगवान शिव का अभिषेक किया। इसके बाद आम श्रद्धालुओं ने भी पूजा-अर्चना शुरू कर दी। सुबह होते-होते मंदिरों में लंबी कतारें लग गईं।
शहर के प्राचीन वनखंडेश्वर महादेव मंदिर में सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिली।
यहां सैकड़ों कांवड़िए पहुंचे और विशेष पूजा के बाद जल चढ़ाया गया। मंदिर परिसर में लगभग एक किलोमीटर लंबी लाइन लगी है। दोपहर तक हजारों श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे और शाम तक यह संख्या और बढ़ने की संभावना है। कालेश्वर, मनकेश्वर, कुंडेश्वर, त्रंबकेश्वर और गौरीशंकर महादेव मंदिरों में भी मेले लगे है। ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा है। उमरी, मेहगांव, अटेर और लहार सहित आसपास के गांवों में लोग कई किलोमीटर पैदल चलकर मंदिरों में भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
