न्यूयॉर्क 30 अगस्त (वार्ता) भारत के अनिरुद्ध चंद्रशेखर और विजय सुंदर प्रशांत ने यूएस ओपन 2025 टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष युगल वर्ग के पहले दौर में आठवीं वरीयता प्राप्त अमेरिकी की इवान किंग और क्रिश्चियन हैरिसन की जोड़ी को हराकर बड़ा उलटफेर किया।
शुक्रवार रात खेले गये मुकाबले में अनिरुद्ध चंद्रशेखर और विजय सुंदर प्रशांत की भारतीय जोड़ी ने एक सेट से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए इस साल के फ्रेंच ओपन की सेमीफाइनलिस्ट जोड़ी को 3-6, 6-3, 6-4 से हराया।
आठवें गेम में अपनी सर्विस गंवाने के बाद भारतीय जोड़ी ने पहला सेट गंवा दिया, लेकिन दूसरे गेम के छठे गेम में अमेरिकी जोड़ी की सर्विस तोड़कर वापसी की और निर्णायक सेट तक का सफर तय किया।
अनिरुद्ध चंद्रशेखर और विजय सुंदर प्रशांत की जोड़ी ने तीसरे सेट में भी अपनी लय बरकरार रखी और शुरुआती गेम में इवान किंग और क्रिश्चियन हैरिसन की सर्विस तोड़कर मैच के बाकी समय तक अपनी सर्विस बचाए रखी।
अंतिम क्षणों में वैकल्पिक खिलाड़ी के रूप में ड्रॉ में प्रवेश करने वाली भारतीय जोड़ी दूसरे दौर में ब्राजील के फर्नांडो रोम्बोली और ऑस्ट्रेलिया के जॉन-पैट्रिक स्मिथ की जोड़ी के साथ मुकाबला करेगी।
हालांकि, पुरुष युगल ड्रॉ में भारत की ऋत्विक चौधरी बोलिपल्ली और एन. श्रीराम बालाजी की जोड़ी अपने पहले दौर के मैच से आगे नहीं बढ़ पाई। भारतीय जोड़ी बार्ट स्टीवंस और वासिल किरकोव की डच-अमेरिकी जोड़ी के खिलाफ 3-6, 7(10)-6(8), 6-4 से हार गई और साल के आखिरी ग्रैंड स्लैम से बाहर हो गई।
उल्लेखनीय है कि यूएस ओपन के पुरुष युगल ड्रॉ में भारत के तीन और प्रतिनिधि शामिल हैं। अनुभवी रोहन बोपन्ना मोनाको के रोमेन अर्नेडो के साथ जोड़ी बना रहे हैं, जबकि युकी भांबरी ने न्यूजीलैंड के माइकल वीनस के साथ जोड़ी बनाई है और उन्हें 14वीं वरीयता दी गई है।
अर्जुन काढ़े और उनके जोड़ीदार इक्वाडोर के डिएगो हिडाल्गो भी ड्रॉ का हिस्सा हैं। तीनों भारतीय शनिवार को अपने-अपने पहले दौर के मैचों में खेलेंगे।

