
भोपाल। मिसरोद इलाके में संचालित एक होटल में घुसकर करीब एक दर्जन बदमाशों ने चार युवकों पर हमला कर दिया. तलवार, चाकू, हॉकी और बेसबॉल बैट से लैस बदमाशों ने बीच बचाव करने आए होटल के कर्मचारियों के साथ भी इस दौरान मारपीट की. मामले की शिकायत पर मिसरोद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान पुलिस कर रही है.
जानकारी के मुताबिक फरियादी लीलाधर अपने तीन दोस्तों के साथ शनिवार को देर दार ड्यूटी खत्म होने के बाद बंगरसिया-भोजपुर रोड स्थित एक होटल पर खाना खाने जा रहे थे. रास्ते में इसी दौरान एक तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवारों ने सभी को टक्कर मार दी. लीलाधर और उनके साथियों ने इसका विरोध किया तो बाइक सवार ने विवाद शुरू कर दिया. इस दौरान आरोपी बाइक सवार ने करीब एक दर्जन बदमाशों को बुला लिया और होटल के अंदर गए चारों युवकों पर हमला कर दिया. हथियारों से लैस बदमाशों ने होटल के अंदर तोड़फोड़ करते हुए कर्मचारियों के साथ भी मारपीट कर दी. हमले में लीलाधर गंभीररूप से घायल हो गए. मामले की सूचना पर मौके पर पुहंची मिसरोद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है.
