
छतरपुर। छत्रसाल चौराहे स्थित पुलिस चौकी में एक शराबी युवक ने घुसकर जमकर हंगामा और तोड़फोड़ कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने चौकी के अंदर रखे फर्नीचर और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया तथा काफी देर तक उत्पात मचाता रहा। घटना के समय चौकी पर कोई जिम्मेदार पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था, जिससे आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़कर सिविल लाइन थाना ले जाया गया। पुलिस ने आरोपी की पहचान 26-27 वर्षीय रानू तिवारी के रूप में की है। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विधि अनुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चौकी में पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति को लेकर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि शहर के व्यस्त और संवेदनशील चौराहे पर स्थित चौकी में यदि समय पर पुलिस मौजूद न रहे तो सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
