
जबलपुर। शहर के प्रसिद्ध त्रिपुर सुंदरी मंदिर में आयोजित सुहागिलें कार्यक्रम के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब मिठाई खाने के बाद अचानक करीब 20 लोग बीमार हो गए। सूत्रों की माने तो चार लोगों की हालत गंभीर है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया है। मिठाई खाने के बाद सभी को उल्टियां और चक्कर आने लगे, जिससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा- तफरी और भगदड़ की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार सुहागिलें कार्यक्रम के लिए त्रिपुरी सुंदरी मंदिर में प्रसाद अर्पित करने के लिए लोगों ने भेड़ाघाट स्थित राजस्थान स्वीट्स से 4 किलो मिठाई मंगाई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने नवभारत को बताया कि मिठाई खाने के कुछ ही देर बाद लोगों को उल्टी, पेट दर्द और चक्कर की शिकायत होने लगी।
कई लोग वहीं बैठ गए तो कुछ जमीन पर गिर पड़े। जिसके बाद सभी को इलाज के लिए तत्काल एंबुलेंस के द्वारा जिला अस्पताल विक्टोरिया, कुछ को भेड़ाघाट चौक स्थित अस्पताल, कुछ को निजी अस्पताल में लाकर भर्ती कराया गया। बीमार होने वालों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। पूरे मामले में फूड प्वाइजिंग की आशंका जताई जा रही है।
ये हुए बीमार
बीमार हुए लोगों में नीरज पटैल, दिलीप पटैल 42 साल, गीता 36 वर्ष, कैलाश पटैल, रिशिकेष पटैल, ममता पटैल 55 वर्ष, रूपाली पटैल, इंद्रमणि पटैल, रामरतन पटैल 77 वर्ष, रामशरण पटैल 68 वर्ष सहित अन्य लोग शामिल हैं।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम सक्रिय हो गई। मिठाई के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मामला फूड प्वाइजनिंग का है या किसी अन्य कारण से लोग बीमार हुए हैं। हालांकि प्रशासन ने बीमार लोगों के परिजनों को आश्वासन दिया है कि यदि मिठाई को लेकर लापरवाही पाई गई तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
