इंदौर:विजयनगर थाना क्षेत्र में एक 52 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि अत्यधिक शराब के सेवन और बीमारी में लापरवाही बरतने के कारण शख्स की जान चली गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान प्रकाश पिता शिवरतन(52) के रूप में हुई है। प्रकाश मूल रूप से पेंटिंग का काम करते थे और विजयनगर इलाके में एक किराए का कमरा लेकर अकेले रहते थे।
परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात वे शराब पीकर सोए थे, लेकिन जब अगली सुबह काफी देर तक हलचल नहीं हुई, तो उन्हें जगाने की कोशिश की गई। कोई जवाब न मिलने पर पता चला कि उनकी मौत हो चुकी है।परिजनों ने खुलासा किया कि प्रकाश अविवाहित थे और लंबे समय से शराब पीने के आदी थे। करीब तीन महीने पहले उन्हें गंभीर पीलिया हुआ था। डॉक्टरों ने उन्हें शराब से पूरी तरह परहेज करने की सलाह दी थी, लेकिन इलाज के बाद भी उन्होंने अपनी आदत नहीं छोड़ी। इसी लापरवाही के कारण उनका लीवर डैमेज होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई।
