
नर्मदापुरम। जिले का प्रसिद्ध तिलक सिंदूर मेला कल से 16 फरवरी 2026 तक आयोजित होगा। मेले को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। कलेक्टर सोनिया मीना के निर्देश पर एसडीएम इटारसी के मार्गदर्शन में मेला स्थल पर श्रद्धालुओं हेतु मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत केसला को मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि एसडीएम द्वारा लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। सुरक्षा के लिए लगभग 200 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। ट्रैफिक व्यवस्था हेतु अलग-अलग पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं। बिजली, पेयजल, अग्निशमन, स्वच्छता, शौचालय और चेंजिंग रूम जैसी सुविधाओं की भी विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
