सतना: जिले के बरौंधा वन परिक्षेत्र अंतर्गत केल्हौरा गांव में एक जंगली भालू ने बुजुर्ग किसान पर हमला कर दिया। गंभीर तौर पर घायल बुजुर्ग का उपचार सीएचसी में जारी है।
घटना के सम्बन्ध में मिली जानकारी अनुसार केल्हौरा गांव के निवासी रामकिशोर मवासी पिता दादी मवासी, उम्र 50 वर्ष, सुबह करीब 10 बजे अपने खेत में सामान्य कामकाज कर रहे थे। अचानक जंगल से निकला एक जंगली भालू उन पर झपट पड़ा। भालू ने अपने नुकीले पंजों और दांतों से रामकिशोर के हाथ और पैर पर गहरे घाव कर दिए, जिससे वे गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए। किसी तरह चीख-पुकार और संघर्ष के बाद भालू वहां से भाग गया। घायल रामकिशोर को तत्काल ग्रामीणों ने सहायता पहुंचाई और उन्हें मझगवां अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हाथ पैर में गहरे जख्म
डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को गंभीर बताते हुए बताया कि हाथ और पैर में गहरे कटे-फटे घाव हैं, जिनमें कई टांके लगाए गए हैं। इस हमले के बाद केल्हौरा और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से जंगल के आसपास भालुओं की मौजूदगी बढ़ गई है, लेकिन इतना खतरनाक हमला पहली बार हुआ है।
