
इंदौर। यातायात व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभा रहे ट्रैफिक प्रहरी अभियान के तहत पुलिस कमिश्नर ने चार उत्कृष्ट प्रहरियों को सम्मानित किया, वहीं अब तक 3050 नागरिक अभियान से जुड़ चुके हैं.
शहर में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस द्वारा संचालित “ट्रैफिक प्रहरी” अभियान लगातार आमजन की सहभागिता बढ़ा रहा है. मंगलवार को पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बेहतर यातायात प्रबंधन में सराहनीय योगदान देने वाले चार ट्रैफिक प्रहरियों सुधीर सूभेदार, मंगेश कदम, जफर खान और नीरज शर्मा को शील्ड, प्रशस्ति पत्र व उपहार देकर सम्मानित किया. कार्यक्रम के दौरान अभियान से जुड़े नए ट्रैफिक प्रहरियों को कैप, जैकेट, सिटी, लाइट बेटन व बैज प्रदान कर प्रोत्साहित किया. इस दौरान मीडिया से बात करते हुए पुलिस कमिश्नर ने बताया कि अब तक 3050 जिम्मेदार नागरिक इस मुहिम से जुड़कर विभिन्न चौराहों पर अपनी सुविधानुसार यातायात व्यवस्था सुधारने में सहयोग कर रहे हैं. उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि नागरिकों की भागीदारी से ही शहर में सुरक्षित और सुचारू यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है. अभियान से जुड़ने के लिए क्यूआर कोड के माध्यम से गूगल फॉर्म भरकर समय और स्थान का चयन किया जा सकता है.
