सतना/मैहर :शासकीय हाईस्कूल देवरा मोलहाई संकुल केंद्र शा.उमावि देवराजनगर विकासखंड रामनगर में पदस्थ अध्यापक एवं प्रभारी प्राचार्य श्रीमती रजनी पवार को शासकीय राशि के दुरुपयोग के गंभीर आरोपों में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल से विद्यालय में लघु निर्माण, सायकल स्टैंड एवं पार्किंग शेड निर्माण हेतु 22 लाख 20 हजार रुपये की राशि आवंटित की गई थी।
कलेक्टर मैहर रानी बाटड के निर्देश पर एसडीओ राजस्व रामनगर के नेतृत्व में गठित समिति द्वारा कराई गई जांच में सामने आया कि बिना किसी निर्माण कार्य के ही 22 लाख 19 हजार 349 रुपये की राशि आहरित कर ली गई। जांच के दौरान संस्था में निर्माण अथवा मरम्मत से संबंधित कोई अभिलेख नहीं पाए गए। साथ ही श्रीमती पवार बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के अनुपस्थित भी रहीं। विद्यालय कर्मचारियों ने पुष्टि की कि कोई निर्माण कार्य नहीं हुआ है।
जांच प्रतिवेदन में प्रभारी प्राचार्य एवं तत्कालीन बीईओ को भुगतान के लिए उत्तरदायी बताया गया है।जिला शिक्षा अधिकारी के प्रतिवेदन के आधार पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जवाब संतोषजनक न पाए जाने पर शासन के साथ संदिग्ध निष्ठा, कर्तव्य में लापरवाही तथा नियत प्रक्रिया का पालन न करने का दोष सिद्ध होने पर श्रीमती रजनी पवार को निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में प्रभारी प्राचार्य श्रीमती रजनी पवार का मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी मैहर नियत किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
