भोपाल: मध्य प्रदेश पुलिस ने अवैध गौवंश एवं अन्य पशुओं की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। बीते सात दिनों में पुलिस ने समन्वित, खुफिया सूचना आधारित और तकनीक-सहायित कार्रवाइयों के जरिए 141 गौवंश एवं अन्य पशुओं को सुरक्षित मुक्त कराया है। इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त कई वाहनों को भी जब्त किया गया है।
छतरपुर जिले में नौगांव पुलिस ने सूचना के आधार पर फोरलेन हाईवे पर एक संदिग्ध 16 चक्का ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक में क्षमता से अधिक 45 मवेशी भरे पाए गए, जिसके बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।अनूपपुर जिले के कोतमा क्षेत्र में पुलिस ने एक ट्रक से 22 भैंस और पाड़ा बरामद किए।
इस कार्रवाई में तस्करों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 26 लाख रुपये आंकी गई है।सिवनी में रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने एक कंटेनर वाहन को जब्त कर उसमें अवैध रूप से ले जाए जा रहे 27 गौवंश को मुक्त कराया। एक अन्य कार्रवाई में 39 और गौवंश को भी तस्करों से छुड़ाया गया।
वहीं खरगोन में दो अलग-अलग मामलों में चार गौवंश को मुक्त कराया गया, जबकि उमरिया पुलिस ने एक पिकअप वाहन जब्त कर चार पशुओं—भैंस और पाड़ा—को सुरक्षित मुक्त कराया। इन मामलों में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और मोटर वाहन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पशु तस्करी के खिलाफ निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे कानून व्यवस्था मजबूत होगी और पशु क्रूरता पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
