छतरपुर। पुलिस लाइन स्थित पुलिस अस्पताल में शनिवार को पुलिस वाहन चालकों के लिए विशेष नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में जिले के विभिन्न थानों, कार्यालयों और वाहन शाखा से आए पुलिस चालकों की आंखों की विस्तृत जांच की गई।
शिविर का संचालन रक्षित निरीक्षक रक्षित केंद्र पूर्णिमा मिश्रा की देखरेख में किया गया। नेत्र चिकित्सा विशेषज्ञों ने आधुनिक उपकरणों की सहायता से चालकों की दृष्टि संबंधी समस्याओं की जांच कर आवश्यक परामर्श भी दिया। अधिकारियों ने बताया कि वाहन चालकों की नियमित स्वास्थ्य जांच से उनकी कार्यक्षमता बढ़ने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है।
पुलिस विभाग के अनुसार, इससे पहले भी जिले में विभिन्न श्रेणियों के वाहन चालकों के लिए निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किए जा चुके हैं और भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि सुरक्षित और बेहतर सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।
