
शाजापुर। लालघाटी पुलिस ने सनसनीखेज हत्या का खुलासा किया है. 24 घंटे के भीतर हत्या के आरोपी को गिरफ्तार किया. जानकारी के अनुसार दो दिन पहले 4 फरवरी को फरियादी सोनू पिता लालजीराम मालवीय निवासी ग्राम बामनिया खेड़ी द्वारा थाना लालघाटी जिला शाजापुर पर सूचना दी गई कि उसका भाई राजेश मालवीय पिता लालजीराम मालवीय ग्राम राघवेल के पास लखुंदर नदी की पुलिया के नीचे मोटरसाइकिल सहित मृत अवस्था में पड़ा है. मृतक के शरीर पर चोटों के निशान थे तथा शरीर से रक्तस्राव हो रहा था.
सूचना पर थाना लालघाटी पर मर्ग पंजीबद्ध कर जांच में लिया गया. मर्ग जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक राजेश मालवीय की हत्या अज्ञात व्यक्तियों द्वारा की गई है. उक्त आधार पर 5 फरवरी को थाना लालघाटी पर अपराध बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई. पुलिस अधीक्षक शाजापुर यशपाल सिंह राजपूत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय घनश्याम मालवीय एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस शाजापुर अजय कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह मुजाल्दे के नेतृत्व में हत्या के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई. पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल पर एफएसएल टीम एवं फिंगर प्रिंट टीम की सहायता ली गई, साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए एवं सायबर सेल से तकनीकी जानकारी प्राप्त की गई. विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर आरोपी रविन्द्र मालवीय पिता कालूराम मालवीय जाति बलाई निवासी ग्राम टुंगनी, राहुल मालवीय पिता गोपीलाल मालवीय निवासी ग्राम टुंगनीए को 6 फरवरी को गिरफ्तार किया गया.
पूछताछ के दौरान यह जानकारी आई सामने…
पूछताछ के दौरान आरोपी रविन्द्र मालवीय ने बताया कि उसकी पत्नी आरती को मृतक राजेश मालवीय परेशान करता था तथा उसे गुजरात मजदूरी करने साथ ले गया था. इसी रंजिश के चलते 3 फरवरी की रात में राहुल मालवीय के मोबाइल से राजेश मालवीय को फोन कर ग्राम टुंगनी बुलाया गया. गांव के पास मानसिंह पटेल के गेहूं के खेत में अरोपियों द्वारा लाठी व चाकू से मारपीट कर गला दबाकर हत्या कर दी गई.हत्या के पश्चात साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से मृतक को उसकी मोटरसाइकिल सहित बांधकर राघवेल के पास लखुंदर नदी की पुलिया के नीचे फेंक दिया गया.