
इंदौर. परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चाय की दुकान के सामने पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चार लोगों ने मिलकर हमला कर दिया. गाली-गलौज के बाद हाथ मुक्कों और बेसबॉल के डंडे से की गई मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया.
थाना प्रभारी आरडी कानवा ने बताया कि 40 वर्षीय फरियादी दीपक पिता रतनलाल मरमट निवासी 907 कुलकर्णी का भट्टा की शिकायत पर पुलिस ने अजय पिता कमल चरावन्डे उम्र 35 वर्ष निवासी मंगल नगर, रोहित पिता प्रताप जुनवाल उम्र 30 वर्ष निवासी बैरवा समाज के उद्यान के पास परदेशीपुरा और निशांत पिता दिलीप चरावन्डे उम्र 19 वर्ष निवासी बैरवा समाज के अखाड़े के पीछे कुलकर्णी का भट्टा सहित अन्य साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार घटना 3 फरवरी को दोपहर करीब 12:30 से 1:30 बजे के बीच रामभगत चाय की दुकान के सामने डमरू उस्ताद चौराहे पर हुई. फरियादी चाय पीकर बाहर निकला ही था कि आरोपी वहां पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर गालियां देने लगे. विरोध करने पर तीनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान अजय ने हाथ में रखे बेसबॉल के डंडे से वार किए. हमले में दीपक के दाहिने और बाएं पैर, माथे और सिर के पीछे गंभीर चोटें आईं, जिससे खून बहने लगा. सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
