हर शहर बने नागरिक-केन्द्रित विकास का मॉडल – भजनलाल

जयपुर, (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि शहरी विकास से जुड़ी परियोजनाओं में भविष्य की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाए ताकि राजस्थान का हर शहर टिकाऊ और नागरिक-केन्द्रित विकास का नया मॉडल बन सके।

श्री शर्मा ने सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित बैठक में बोल रहे थे। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्रों में सड़क, सीवरेज, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल एवं आवास संबंधी प्रगतिरत परियोजनाओं में तेजी लाते हुए शीघ्र पूरा किया जाए। साथ ही शहरी क्षेत्रों में बस स्टैण्ड्स के निर्माण के लिए मॉडल बनाया जाए जिसके तहत स्थानीय आवश्यकता के अनुसार विभिन्न श्रेणियों का निर्धारण किया जाए।

मुख्यमंत्री ने लंबित न्यायिक मामलों के निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि इनके त्वरित निस्तारण के लिए विभागीय स्तर पर पूरी तैयारी की जाए एवं इसमें विभाग की ओर से देरी होने पर जिम्मेदारी तय की जाए। बैठक में मुख्यमंत्री ने जयपुर शहर के मेट्रो फेज-2, विभिन्न फ्लाइओवर्स, आरयूबी एवं एलिवेटेड रोड के प्रगतिरत कार्यों के साथ ही विभिन्न शहरों के सड़क निर्माण कार्यों, सीवरेज लाईन, सीवरेज मास्टर प्लान एवं ड्रेनेज के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने सीकर शहर में सुगम आवागमन एवं जल निकासी की व्यवस्था के लिए प्लान तैयार करने के भी निर्देश दिए।

इस अवसर पर नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित मुख्यमंत्री कार्यालय, वित्त, नगरीय विकास एवं आवासन एवं स्वायत्त शासन विभाग के उच्चाधिकारी मौजूद थे।

 

 

Next Post

विश्वकप अभ्यास मैच में इंडिया ए ने अमेरिका को 38 रनों से हराया

Tue Feb 3 , 2026
नवी मुम्बई (वार्ता) नारायण जगदीशन (104), कप्तान आयुष बडोनी (नाबाद 60) की विस्फोटक पारियों के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत सोमवार को इंडिया ए ने टी-20 विश्वकप अभ्यास मुकाबले में अमेरिका 38 रनों से शिकस्त दी। आज यहां अमेरिका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी […]

You May Like