
इंदौर. शनिवार को शहर में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय मेडिकल कॉन्फ्रेंस के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंच से संबोधन के बीच एक महिला डॉक्टर की तबीयत अचानक बिगड़ गई. देखते ही देखते वह बेहोश होकर गिर पड़ीं, जांच में उन्हें कार्डियक अरेस्ट होना पाया. मौके पर मौजूद अन्य डॉक्टरों और कॉन्फ्रेंस में शामिल डेलिगेट्स ने बिना समय गंवाए तत्काल सीपीआर शुरू किया. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनकी सांसें वापस लाने में सफलता हासिल की. हालांकि उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है. स्थिति को देखते हुए महिला डॉक्टर को बेहतर उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में रेफर किया है, जहां उन्हें आईसीयू में रखा है. बताया जा रहा है कि पीड़ित डॉक्टर श्रीन बुटोले मैंगलोर की रहने वाली हैं और वे इंटरनेशनल यूरोलॉजी कॉन्फ्रेंस में भाग लेने के लिए इंदौर आई हुई है. कार्यक्रम के दौरान जब वे मंच से अपनी बात रख रही थीं, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह गिर पड़ीं, फिलहाल उनकी हालत स्थिर है.
