
बनखेड़ी। पिछले 9 दिनों से चल रही सचिव एवं सहायक सचिव संघ की हड़ताल का आखिरकार अंत हो गया। हड़ताल समाप्त कराने में वरिष्ठ भाजपा नेता नवनीत नागपाल एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि पार्थ सिंह पटेल की अहम भूमिका रही।
दोनों नेताओं की पहल पर सचिव-सह सचिव संघ, सरपंच संघ एवं जनपद सीईओ के बीच आपसी सामंजस्य स्थापित कराया गया। बैठक के दौरान सभी पक्षों ने अपने-अपने विचार रखे, जिसके बाद सचिव संघ सीईओ एवं वरिष्ठ भाजपा नेताओं के आश्वासन से संतुष्ट हुआ और हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की।
हड़ताल समाप्त होने से पंचायतों में ठप पड़े जनहित एवं विकास कार्यों के पुनः प्रारंभ होने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।
इन्होंने कहा—
केशर सिंह पटेल
अध्यक्ष, सचिव संघ, बनखेड़ी
“हम वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के आश्वासन से संतुष्ट हैं। इसी विश्वास के साथ हम पुनः अपने कार्य पर लौट रहे हैं।”
लखन पटेल
अध्यक्ष, सरपंच संघ, बनखेड़ी
“सचिव संघ द्वारा हड़ताल समाप्त करना स्वागतयोग्य कदम है। अब पंचायतों में रुके हुए कार्य पुनः प्रारंभ होंगे।”
