
छतरपुर। शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली और न्यूनतम तापमान गिरकर 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात का यह तापमान शुक्रवार सुबह 8:30 बजे रिकॉर्ड किया गया। एक दिन पहले गुरुवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस था, यानी 24 घंटे में 5.2 डिग्री की बड़ी गिरावट दर्ज की गई।
शुक्रवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और सुबह 10 बजे तक सूरज के दर्शन नहीं हुए। बादलों और घनी धुंध के कारण क्षेत्र में गलन भरी ठंड बढ़ गई, जिससे लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को आद्रता 94 प्रतिशत और विजिबिलिटी मात्र 500 मीटर दर्ज की गई।
बीते दिन गुरुवार को अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस रहा था। वहीं शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यह बदलाव देखने को मिला है। इसके चलते आसमान में बादल छाए हुए हैं और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हो रही है। विभाग के मुताबिक, बादल छंटने के बाद आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड और तेज होने के आसार हैं।
