इंदौर: बंबई बाजार इलाके में शुक्रवार सुबह तीन मंजिला इमारत में लगी भीषण आग से अफरा-तफरी मच गई. तल मंजिल पर स्थित कपड़े की दुकान में लगी आग का धुआं पूरी बिल्डिंग में फैल गया, जिससे अंदर फंसे लोगों की जान खतरे में पड़ गई. यहां पर धुंए में फंसे दस लोगों को दमकल और पुलिस की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल आग पर काबू पाया.सुबह करीब 6 बजे पिंजारा बाखल स्थित फजलू रहमान के मकान में आग लगने की सूचना मिली थी.
सूचना मिलते ही मोती तबेला फायर स्टेशन से एसआई संतोष दुबे की टीम दो दमकलों के साथ मौके पर पहुंची. आग तल मंजिल पर संचालित अनवर पिता शब्बीर खान की कपड़े सिलाई की दुकान में लगी थी, जहां से उठता काला धुआं ऊपरी मंजिलों तक फैल गया. धुएं के कारण इमारत में रह रहे करीब 10 लोग फंस गए थे, जो ऊपरी मंजिल पर मौजूद करीब 8 लोग जान बचाने के लिए छत पर पहुंच गए, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाला.
वहीं पहली मंजिल पर 45 वर्षीय परवेज और 20 वर्षीय अशरफ धुएं के बीच फंस गए थे, जिन्हें दमकल कर्मियों ने सीढ़ी लगाकर सुरक्षित नीचे उतारा. दमकल टीम ने करीब 10 हजार लीटर पानी का उपयोग कर लगभग एक घंटे में आग पर काबू पा लिया. आग से दुकान में रखी सिलाई मशीनें, फर्नीचर और ग्राहकों के कपड़े जलकर खाक हो गए. समय रहते आग पर नियंत्रण होने से बड़ा हादसा टल गया, फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
