आठ जिलों से आए 169 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

जबलपुर। राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाईट) जबलपुर द्वारा आयोजित दो दिवसीय विज्ञान, गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक विज्ञान संभाग (जोन) स्तरीय प्रदर्शनी का समापन गुरुवार को डाईट परिसर में गरिमामय वातावरण में हुआ। समापन समारोह पूर्व प्राथमिक प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य डॉ. राम मोहन तिवारी के मुख्य आतिथ्य में माँ सरस्वती के पूजन, वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए डाईट प्राचार्य अजय दुबे ने प्रदर्शनी के उद्देश्य एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि डॉ. तिवारी ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के आत्मविश्वास, सृजनात्मकता और कौशल को निखारते हैं।

लघु नाटिका, गीत और सेमिनार बने आकर्षण

द्वितीय दिवस विद्यार्थियों द्वारा झांसी की रानी की वीरता, पेड़ बचाओ-पेड़ लगाओ, धरती माँ की पुकार, रसायनों के दुष्प्रभाव, सोशल मीडिया के दुरुपयोग सहित विभिन्न विषयों पर लघु नाटिका, स्वरचित एकल गीत एवं सेमिनार प्रस्तुत किए गए, जिन्हें दर्शकों ने सराहा।

विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता

संभाग के आठ जिलों से चयनित 169 विद्यार्थी एवं 32 मार्गदर्शी शिक्षकों ने प्रदर्शनी में सहभागिता की। विद्यार्थियों ने शिक्षित भारत–विकसित भारत, नारी सशक्तिकरण, वृद्ध माता-पिता की सेवा, बाल श्रम एक अभिशाप, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पर्यावरण व जल संरक्षण जैसे सामाजिक सरोकारों पर आधारित प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। प्रदर्शनी में आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल, आधुनिक कृषि, उभरती प्रौद्योगिकी, भारतीय लोकतंत्र, मतदान जागरूकता, जल शुद्धिकरण सहित अनेक विषयों पर आकर्षक व ज्ञानवर्धक मॉडल प्रदर्शित किए गए।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में उपसंचालक लोक शिक्षण जबलपुर संभाग डॉ. पी.पी. सिंह, डाईट प्राचार्य अजय दुबे, प्रदर्शनी नोडल अधिकारी सुनील शर्मा, सहायक प्राध्यापक वाई.एन. द्विवेदी, एपीसी राजेश तिवारी, व्यावसायिक समन्वयक मनोज काशिव, व्याख्याता केशव दुबे, भावना दुबे, कल्पना द्विवेदी सहित डाईट स्टाफ, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

Next Post

जेडीए सीईओ ने योजना व टीडीएस का किया औचक निरीक्षण

Thu Jan 29 , 2026
जबलपुर। जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की योजना क्रमांक 64 एवं 65 तथा टीडीएस-02 में चल रहे अधोसंरचना विकास कार्यों का सीईओ जेडीए दीपक वैद्य ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का स्वयं परीक्षण किया, जो संतोषजनक पाई गई। सीईओ ने निर्माण कार्यों में […]

You May Like