इटावा , 29 जनवरी (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव शाम करीब साढ़े सात बजे इटावा में अपने पैतृक गांव सैफई पहुंचे।
श्री यादव लोकसभा की कार्यवाही के बीच में सैफई पहुंचे हैं। उनके आगमन की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता देर शाम उनके आवास पर पहुंच गए। हालांकि उनका काफिला सीधे आवास परिसर में प्रवेश कर गया और देर रात किसी से भेंट नहीं हो सकी।
कार्यकर्ताओं से मुलाकात के लिए शुक्रवार का समय निर्धारित किया गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार अखिलेश यादव शुक्रवार सुबह 11 बजे सैफई स्थित सपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
अखिलेश यादव के आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था में क्षेत्राधिकारी केपी सिंह, प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी तथा वैदपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
