बीट ऑफिसर की पिस्टल छीनने और फायरिंग के आरोपी दो बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 27 जनवरी (वार्ता) दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव इलाके में दिल्ली पुलिस के एक बीट ऑफिसर से उसकी सर्विस पिस्टल छीनकर उस पर फायरिंग करने के मामले में शामिल दो आरोपियों को दिल्ली पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

यह घटना पिछले सप्ताह गुरुवार दोपहर करीब 2.20 बजे की है, जब सफदरजंग एन्क्लेव थाना क्षेत्र का एक बीट पुलिसकर्मी पार्क इलाके में गश्त कर रहा था। इसी दौरान पास के जंगल क्षेत्र में कुछ संदिग्ध लोगों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचा। पुलिस के अनुसार, वहां दो युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए।

पूछताछ के दौरान दोनों ने पुलिसकर्मी पर हमला कर उसे काबू में कर लिया और उसकी सर्विस पिस्टल छीन ली। इसके बाद आरोपियों में से एक ने पुलिसकर्मी पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गया। हालांकि, पुलिसकर्मी इस हमले में बाल-बाल बच गया।

शिकायत के आधार पर एक एफआईआर दर्ज की गई, और दक्षिण-पश्चिम जिले के वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में कई टीमें बनाई गईं।

दक्षिण-पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना के आधार पर मामला दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कई टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पुलिस ने दक्षिण दिल्ली के विभिन्न इलाकों में लगे करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सर्विलांस किया। जांच में एक आरोपी की पहचान अविनाश उर्फ जानू के रूप में हुई, जो लूट और झपटमारी के कई मामलों में वांछित और कुख्यात अपराधी है।

श्री गोयल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उसकी लोकेशन ट्रेस करने के बाद दिल्ली पुलिस की ऑपरेशन सेल, सफदरजंग एन्क्लेव पुलिस और टुंडला पुलिस (उत्तर प्रदेश) की संयुक्त टीम ने फिरोजाबाद जिले में दबिश दी।

मंगलवार को आरोपी को टुंडला के ओल्ड बायपास रोड के पास स्कूटर पर आते हुए देखा गया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर उसने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिसकर्मी बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से सुरक्षित रहे, जबकि आरोपी के घुटनों में गोली लगने से वह घायल हो गया और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी के कब्जे से लूटी गई 9 एमएम सरकारी पिस्टल, तीन खोखे, एक स्कूटर और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथी वसीम की संलिप्तता का खुलासा किया, जिसे बाद में मालवीय नगर, दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

 

 

Next Post

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री से मुलाकात की

Tue Jan 27 , 2026
नयी दिल्ली, 27 जनवरी (वार्ता) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को यहां केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की। उन्होंने इस बैठक में केंद्रीय मंत्री को राज्य के वास्तविक वन आवरण 29.5 प्रतिशत और आधिकारिक रूप से दर्ज 27.99 प्रतिशत के […]

You May Like