ग्वालियर चंबल में मावठ की बारिश से जनजीवन प्रभावित, सर्दी बढ़ी

ग्वालियर। समूचे ग्वालियर चंबल अंचल में आज दोपहर से देर रात तक कभी रिमझिम तो कभी तेज बारिश का सिलसिला जारी रहा। सुबह से आसमान में बादल छाए हुए थे, जो दोपहर बाद मावठ की बारिश में बदल गए। दोपहर 12.30 बजे से शुरू हुई बारिश देर रात तक जारी थी। शाम 6 बजे तक मौसम विभाग के अनुसार 4.2 एमएम बारिश हो चुकी थी। बारिश के बाद समूचे अंचल में ठंड और बढ़ गई है। बीते 48 घंटों के दौरान चंबल क्षेत्र के मौसम में अचानक बदलाव देखा गया है।

अंचल में ठंडी हवाओं के असर से दिन का तापमान करीब 6 डिग्री तक गिर गया। तीन दिन पहले जहां अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा था, वह घटकर 21 से 22 डिग्री पर पहुंच गया। मंगलवार को दिन में अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस पर रिकॉर्ड हुआ है।तापमान गिरने से लोगों को दिन के समय भी भारी ठंड का एहसास होने लगा। दिन में बादलों के बीच धूप जरूर निकली, लेकिन उसमें बीते दिनों जैसी तीव्रता नहीं रही। एक वक्त तो धूप भी निकल रही थी और बारिश भी हो रही थी।

मौसम विभाग ने पहले ही आज मंगलवार को बारिश की संभावना जताई थी। मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी थी कि मंगलवार और बुधवार को ग्वालियर सहित आसपास के शहरों में बादल छाने के साथ ही बारिश हो सकती है और आज वही हुआ। दोपहर 12.30 बजे के बाद हल्की बूंदाबांदी हुई, जो दोपहर बाद रिमझिम बारिश में बदल गई। ये बारिश शाम को काफी तेज हो गई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 24 घंटे तक इसी तरह का मौसम रहेगा।

*कोहरे से ट्रेनों पर भी असर*

कोहरे के कारण दिल्ली की तरफ से आने वाली कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। दिल्ली से ग्वालियर आने वाली शताब्दी एक्सप्रेस करीब 25 मिनट की देरी से पहुंची। इसके अलावा पंजाब मेल, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस सहित कई अन्य ट्रेनें भी लेट रहीं। वहीं, दिल्ली की ओर जाने वाली कई ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं।

Next Post

पदोन्नति में आरक्षण मामले में सपाक्स और अजाक्स की दलीलें पूरी

Tue Jan 27 , 2026
जबलपुर। मप्र हाईकोर्ट में प्रमोशन में आरक्षण को लेकर सरकार की नई पॉलिसी को चुनौती देने के मामले में मंगलवार को सुनवाई हुई। इस दौरान अजाक्स और सपाक्स की ओर से दलीलें पूरी की गईं। सपाक्स ने हाईकोर्ट के सामने कर्मचारियों के ग्रेडेशन के आंकड़े भी रखे। मामले पर सुनवाई […]

You May Like