गढ़ीमलहरा में हादसा: पुलिया से टकराई कार, शिक्षा विभाग के अधिकारी की मौत; एक गंभीर घायल

छतरपुर। जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र में बीते दिन एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में शिक्षा विभाग के एक अधिकारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद दूसरे अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना निवारी क्षेत्र में एक पुलिया पर हुई, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर टकरा गई।

पुलिस के अनुसार, लवकुशनगर विकासखंड में पदस्थ बीआरसीसी राजेश रावत की इस हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बारीगढ़ विकासखंड के बीआरसीसी अमरनाथ व्यास गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल अधिकारी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

गढ़ीमलहरा थाना प्रभारी रीता सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मारुति अल्टो कार अमरनाथ व्यास चला रहे थे। वाहन चलाते समय उन्हें अचानक झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि दोनों अधिकारी गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को अपने-अपने कार्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न कराने के बाद लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

इस दुखद घटना की खबर मिलते ही शिक्षा विभाग और प्रशासनिक अमले में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक राजेश रावत के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने बताया कि 5 फरवरी को उनके बेटे की शादी तय थी और घर में तैयारियां चल रही थीं। अचानक हुई इस दुर्घटना से खुशियों का माहौल मातम में बदल गया है।

Next Post

नगर के टॉपर विद्यार्थियों को किया गया पुरस्कृत

Tue Jan 27 , 2026
मुलताई। नगर में प्रति वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर गांधी चौक में आयोजित होने वाले ध्वजारोहण समारोह में श्रीमति आरके खेरे की स्मृति में उनके पुत्र गगनदीप खेरे द्वारा कक्षा 10 में नगर में अव्वल स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर […]

You May Like