कोयला मालगाड़ी में आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

बैतूल, 26 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के बैतूल रेलवे स्टेशन के पास नागपुर से खंडवा जा रही कोयले से लदी मालगाड़ी के एक वैगन से अचानक धुआं उठने लगा।

रविवार रात हुए इस हादसे के बाद गार्ड ने स्थिति देखते ही स्टेशन प्रबंधन को सूचना दी, जिसके बाद तुरंत नगर पालिका की फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। मालगाड़ी को तीसरे नंबर प्लेटफॉर्म पर रोका गया, जहां दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर जल्द ही काबू पा लिया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ। आग बुझाने के बाद मालगाड़ी को सुरक्षित उसके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, कोराडी (नागपुर) से खंडवा पावर हाउस के लिए रवाना इस रैक में लोडिंग के दौरान कुछ जला हुआ कोयला भी वैगनों में चला गया था, जिससे धुआं उठने की आशंका बनी। इससे पहले सितंबर माह में भी इसी तरह की घटना सामने आ चुकी है।

जीआरपी थाना प्रभारी राजेश बनकर ने बताया कि कोयला लदी मालगाड़ियों में अंदरूनी आग या धुआं उठना सामान्य बात है, लेकिन सतर्कता के चलते तत्काल कार्रवाई की गई, जिससे किसी बड़ी घटना को टाल दिया गया।

 

Next Post

अंडर-19 विश्वकप: अमेरिका ने स्कॉटलैंड को सात विकेट से हराया

Mon Jan 26 , 2026
हरारे, 26 जनवरी (वार्ता) ऋत्विक अप्पिडी ने (चार विकेट) और रायान ताज (तीन विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद अदनित झांब (नाबाद 116) की शतकीय और कप्तान उत्कर्ष श्रीवास्तव (एक विकेट और 52 रन) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत अमेरिका ने सोमवार को अंडर-19 विश्वकप के 16वें मुकाबले में स्कॉटलैंड […]

You May Like