भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा आज अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। उन्होंने कई मौके पर भारतीय टेस्ट टीम के जीत की नींव रखी थी।
मॉडर्न भारतीय टेस्ट टीम की सबसे मजबूत कड़ी और ‘द वॉल’ कहे जाने वाले चेतेश्वर पुजारा आज अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। धैर्य, संयम और मानसिक मजबूती की मिसाल रहे पुजारा ने अपनी बल्लेबाजी से न जाने कितनी बार भारतीय टीम की जीत की नींव रखी। क्रीज पर घंटों टिके रहना और मुश्किल परिस्थितियों में टीम को संभालना उनकी पहचान रहा, जिसके चलते उन्हें राहुल द्रविड़ के बाद भारतीय क्रिकेट का दूसरा ‘द वॉल’ कहा गया।
25 जनवरी 1988 को गुजरात के राजकोट में जन्मे चेतेश्वर पुजारा के क्रिकेटर बनने के पीछे उनके पिता अरविंद पुजारा का अहम योगदान रहा। अरविंद पुजारा खुद एक प्रथम श्रेणी क्रिकेटर और कोच रहे, जिनका देश के लिए खेलने का सपना अधूरा रह गया, लेकिन बेटे के रूप में उन्होंने उस सपने को साकार होते देखा।
