ब्यावरा। राजगढ़ जिले से एजुकेशन क्वालिटी इंप्रूवमेंट प्रोग्राम के तहत 7 बच्चों को एक्सपोजर विजिट का अवसर मिला. बच्चों का चयन संस्था द्वारा अपने संचालित ऑन लाइन कार्यक्रम के जरिए किया गया. अहमदाबाद पहुंचे बच्चों ने साइंस सिटी का अवलोकन कर महत्वपूर्ण जानकारी ली.
21 जनवरी को भोपाल से ट्रेन द्वारा दल रवाना हुआ. चयनित बच्चों को अहमदाबाद टूर पर एड्सिल न्यासा कम्युनिकेशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा ले जाने की समुचित व्यवस्था की गई. जिला प्रतिनिधि के रूप में सुरेंद्र भदौरिया तथा जी के दुबे बीआरसीसी तथा शिक्षक रामप्रसाद दांगी, भोजराज सिंह कुशवाह तथा शिक्षिका श्रीमती दीपमाला दांगी, श्रीमती रविकांता राजपूत शामिल हुए. माध्यमिक शाला लहरचा, हाई स्कूल लीमा चौहान के बच्चे शामिल रहे.
संभाग भोपाल के सभी जिले के लगभग 65 लोगों का समूह अहमदाबाद पहुंचा जहां उत्साहित बच्चों को साइंस सिटी का अवलोकन करवाया गया. बच्चों ने ग्रह,उपग्रह सौर परिवार के साथ- साथ सेटेलाइट मिशन एवं इसमें भाग लेने वाले वैज्ञानिक पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम एवं राकेश शर्मा, कल्पना चावला आदि के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की. प्रकाश के परावर्तन ,अपवर्तन के नियम, ध्वनि , सौर ऊर्जा को लेकर बच्चों एवं शिक्षकों को विस्तार से जानकारी प्राप्त हुई.
साबरमती आश्रम का अवलोकन किया
साबरमती आश्रम की यात्रा से जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सन 1918 से1930 के बीच देश को आजाद करने की पटकथा लिखी थी. यहां बच्चों को गांधी जी के सिद्धांत, देश को आजाद करवाने में किए संघर्ष की जानकारी प्राप्त हुई. यात्रा के अंतिम पड़ाव पर हठीसिंह जैन मंदिर गए जो कि 1850 में निर्मित किया गया था. यहां की बेजोड़ कलाकृति एवं रूफ वाटर हार्वेस्टिंग से जल संवर्धन कैसे किया जा सकता है इसकी महत्वपूर्ण जानकारी मिली. बच्चों के लिए यह एक अनूठा एक्सपोजर रहा. एक्सपोजर विजिट का मुख्य उद्देश्य व्यवहारिक अनुभव, किताबों के बजाय अनुभव से सीखना, नए विचारों का ज्ञान मॉडल एवं तकनीक के द्वारा, किसी भी विषय वस्तु को गहराई से समझना. यात्रा जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला शिक्षा केंद्र के निर्देशन में पूर्ण हुई.
