
जबलपुर। पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का मिजाज बदल गया है। शनिवार को सुबह से शहर में बादलों की आवाजाही बनी रही। दिन में ठंड का असर कुछ कम रहा लेकिन शाम ढलते ही सर्द हवाओं से ठिठुरन बनी रही।
शनिवार को अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से 5 डि ग्री अधिक रहा। सुबह के वक्त आद्रता 67 और शाम को 53 प्रतिशत दर्ज की गई।दक्षिण पश्चिम हवाएं 6 से 7 किमी की रफ्तार से चली। मौसम विभाग की माने तो पश्चिमी विक्षोभ, एक चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में जम्मू एवं संलग्न पाकिस्तान क्षेत्र पर माध्य समुद्र तल से 3.1 से 7.6 किमी की ऊंचाई के मध्य अवस्थित है। एक प्रेरित चक्रवातीय परिसंचरण, उत्तर पंजाब एवं निकटवर्ती क्षेत्रों पर माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। पूर्वोत्तर भारत के ऊपर, माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर लगभग 240 किमी प्रति घंटे की गति से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर-पश्चिम भारत को 26 जनवरी से प्रभावित करने की संभावना है।
