इंदौर: आज संकल्प से समाधान शिविर में महापौर ने दो पीएम स्वनिधि और घरेलू कामकाजी महिला योजना का लाभ दिया गया. शिविर हवा बंगला झोन क्षेत्र में लगाया गया था. शिविर में महापौर ने मौजूद हितग्राहियों और अन्य समस्याओं को लेकर नागरिकों से बातचीत की.आज झोन 14 के वार्ड 82 में साईं बाबा मंदिर के पास, हवा बंगला रोड पर नगर निगम ने शिविर लगाया. शिविर में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी. नागरिकों के आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश अधिकारियों को दिए.
शिविर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा केरल में तिरूवंतपुरम के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया. कार्यक्रम पीएम स्वनिधि योजना में एक लाख ऋण प्रकरणों के वितरण एवं क्रेडिट कार्ड योजना के शुभारंभ का था. शिविर में महापौर द्वारा शासन पीएम स्वनिधि योजना के 2 एवं घरेलू कामकाजी महिला योजना की 2 महिला हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से 50 हजार रुपए के चेक वितरण किए गए. शिविर में पार्षद शानु शर्मा, अपर आयुक्त नरेन्द्र नाथ पांडे, झोनल अधिकारी सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आवेदक उपस्थित थे.
वार्ड स्तर पर ला रहे शिविर
इस अवसर पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा गरीब, महिला, युवा एवं जरूरतमंद वर्ग के कल्याण हेतु 100 से अधिक योजनाएं चलाई जा रही हैं. इन योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को देने के लिए वार्ड स्तर पर शिविर लगाए जा रहे हैं. महापौर ने जानकारी दी कि अभी तक शहर के सभी वार्डों से 13 हजार से अधिक आवेदन मिले हैं. इनमें से नगर निगम, जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित करीब 10 हजार से अधिक आवेदनों को स्वीकृत किया गया है. बाकी आवेदनों पर भी कार्रवाई चल रही है.
