छतरपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुसमा के ग्रामीण शुक्रवार 23 जनवरी को नशे के आदी एक व्यक्ति की हरकतों से तंग आकर एसपी कार्यालय पहुंचे। दोपहर करीब 1:30 बजे ग्रामीणों ने लिखित आवेदन सौंपकर पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव का एक युवक शराब और अन्य नशे का आदी है, जो आए दिन तेज आवाज में डीजे बजाता है। इससे क्षेत्र का माहौल लगातार अशांत बना हुआ है। लोगों का कहना है कि तेज शोर के कारण खासतौर पर घरों में पढ़ाई कर रही बच्चियों की दसवीं की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि नशे की हालत में उक्त व्यक्ति मोहल्ले के लोगों के साथ गाली-गलौज करता है और विरोध करने पर झगड़े पर उतर आता है, जिससे महिलाओं और बच्चों में भय का माहौल है। कई बार समझाइश देने के बावजूद उसकी हरकतों में कोई सुधार नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि गांव में शांति व्यवस्था बनी रहे और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो। पुलिस अधिकारियों ने आवेदन लेकर मामले की जांच और आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
