हाईवे से जुडऩे वाले रास्तों पर नहीं हैं सुरक्षात्मक स्पीड ब्रेकर
राजगढ़/ब्यावरा: जिले भर में बड़ी संख्या में ऐसे मार्ग है जो ग्रामीण क्षेत्रों से होकर हाईवे पर आकर मिलते है, हाईवे के यहां निकलने वाले इन मार्गो पर सुरक्षा की दृष्टि से स्पीड ब्रेकर न के बराबर ही नजर आएंगे. इन हालातों के चलते पूर्व में कई बार सडक़ दुर्घटनाएं, हादसे हो चुके है. बावजूद इसके इस और गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है.गौरतलब है कि नगर से निकलने वाले दोनों हाईवे पर कई ग्रामीण रहवासी क्षेत्रों से मार्ग आकर मिलते है. जैसे ही यह मार्ग हाईवे पर आकर मिलते है वहां पर आने-जाने वाले वाहनों की गति को कंट्रोल करने सुरक्षा की दृष्टि से स्पीड ब्रेकर होना चाहिए. परन्तु देखने में आता है कि अधिकतर स्थानों पर स्पीड ब्रेकर नहीं है और जहां है भी तो वह पूरी तरह टूटफूटकर समतल हो गये है.
वाहनों की गति नहीं हो पाती है कंट्रोल
हाईवे पर से काफी तेज गति में बड़े वाहनों की आवाजाही बनी रहती है, ऐसी स्थिति में ग्रामीण क्षेत्रों की ओर से वाहनों का आना-जाना लगा रहता है. स्पीड ब्रेकर नहीं होने से वाहनों की गति कंट्रोल नहीं हो पाती है और कई बार अनजाने में हाईवे से गुजरने वाले वाहनों से अन्य वाहन की टक्कर हो जाती है. पूर्व में कई बार इस तरह की दुर्घटनाएं हो चुकी है. यदि स्पीड ब्रेकर रहेंगे तो स्वत: ही स्पीड पर कंट्रोल होगा. प्राय: ग्रामीण क्षेत्रों से पिकअप, ट्रेक्टर ट्रॉली, ऑटो, दुपहिया वाहनों का आना-जाना लगा रहता है. हर दिन बड़ी संख्या में लोग गांवों से नगर में आते-जाते है. हाईवे से जोडऩे वाले इन मार्गो पर स्पीड ब्रेकर का होना जरुरी है ताकि वाहनों की गति कंट्रोल होने से दुर्घटना होने से रुक सके.
राजगढ़ रोड पर कई जगह खतरे के संकेत
राजगढ़ रोड पर ही कई गांवों से आने वाले मार्ग हाईवे पर आकर मिलते है, अधिकतर जगह हाईवे के यहां आकर मिलने वाले रास्तों पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने से खतरा बना रहता है. राजगढ़ से कुछ दूरी पर नवीन मेडिकल कॉलेज जाने वालेे मार्ग, ढंड जोड़, ग्राम मूंडला, पीपलबे, हिरणखेड़ी, कलालपुरा, लक्ष्मणपुरा से आने वाले मार्ग पर हाईवे के यहां स्पीड ब्रेकर नहीं है, कुछ जगह स्पीड ब्रेकर पूरी तरह घीसाकर समतल हो गये है. ऐसे में हाईवे पर आकर मिलने वाले इन मार्गो पर वाहनों की गति को धीमे करने अवरोधक, स्पीड ब्रेकर की दरकार देखी जा रही है.
शहरी क्षेत्रों में भी हालात खतरों भरे
जिस प्रकार हाईवे पर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मार्गो पर स्पीड ब्रेकर न के बराबर है, ठीक उसी तरह शहरी क्षेत्रों में भी कई जगह अनहोनी को आमंत्रण देते हालात देखे जा सकते है, नगर के रहवासी, व्यस्त यातायात वाले स्थानों पर पेट्रोल पम्प, स्कूल आदि जगहों से आने वाले रास्ते आकर मिलते है, जिसके कारण मुख्य मार्ग पर आने-जाने वाले वाहनों से टकराने का डर लगा रहता है. आये दिन इस तरह की छोटी-मोटी दुर्घटनाएं होती रहती है. ऐसे दुर्घटना संभावित स्थानों पर भी वाहनों की गति को नियंत्रण करने अवरोधक या स्पीड ब्रेकर की दरकार है
