
दतिया। दतिया जिले के पण्डोखर थाना क्षेत्र के सोहन गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार भिंड निवासी दो सगे भाइयों की मौत हो गई। गांव के स्कूल के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से भांडेर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान भिंड जिले के बेलमा गांव निवासी दुर्गा प्रसाद जाटव (54) और उनके छोटे भाई हरगोविंद जाटव के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि दोनों भाई मंगलवार दोपहर भांडेर तहसील के भिटारी गांव गए थे। गुप्त नवरात्रि के चलते उन्होंने अपने घर में जवारे बोए थे और परंपरा के अनुसार देवताओं को लेने भिटारी गांव गए थे। देवताओं के साथ घर लौटते समय सोहन गांव के पास यह हादसा हो गया। रात में स्कूल के पास सड़क किनारे दोनों को घायल हालत में पड़ा देख एक स्थानीय निवासी ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी। दोनों भाई खेती और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।
