सिंगरौली: जनपद पंचायत चितरंगी अंतर्गत ग्राम पंचायत खटाई में पूर्व वर्षों में स्वीकृत विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति न होने से पंचायत स्तर पर विकास गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। कलेक्टर द्वारा 17 जुलाई को जारी जांच आदेश के बाद भी अब तक जांच प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है, जिससे स्थिति यथावत बनी हुई है।ग्राम पंचायत खटाई में सीसी रोड, सार्वजनिक चबूतरा, शौच पीट एवं आंगनबाड़ी भवन से संबंधित कई कार्य वर्षों से अधूरे बताए जा रहे हैं।
इन कार्यों के लिए स्वीकृत राशि का आहरण पूर्व में किया गया था, लेकिन मौके पर कार्य पूर्ण नहीं हो पाए हैं। इसके चलते ग्रामीणों को आवागमन, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।अधूरे कार्यों के कारण वर्तमान पंचायत को नए विकास कार्यों की स्वीकृति और शुरुआत में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ मामलों में मजदूरी भुगतान से जुड़ी प्रक्रियाएं भी लंबित बताई जा रही हैं। कलेक्टर कार्यालय द्वारा संबंधित विभागों से जांच प्रतिवेदन मांगा गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा में रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं हो सकी है।
