भोपाल। वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ की मंगलवार को आयोजित बैठक में रेल कारखानों और मुख्यालय में कार्यरत कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में कर्मचारियों ने अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता, दिव्यांग कर्मचारियों एवं आश्रितों को सहयोग तथा मंडलवार भ्रमण जैसी मांगें संघ के महामंत्री के समक्ष रखीं, जिन्हें आवश्यक मानते हुए स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में यह मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया गया कि मुख्यालय और कारखाने अलग-अलग होने के कारण कर्मचारियों को मंडल स्तर पर पर्यटन भ्रमण का अवसर नहीं मिल पाता। इस पर महामंत्री अशोक शर्मा ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए भोपाल, कोटा और जबलपुर के सीएसबीएफ सदस्यों को भ्रमण टूर आयोजित करने के निर्देश दिए, जिससे अधिक संख्या में कर्मचारी एवं उनके परिजन लाभान्वित हो सकें।
इसके साथ ही डब्ल्यूसीआर जोन, मंडल और कारखानों में कार्यरत कर्मचारियों के बच्चों के लिए तकनीकी व व्यावसायिक शिक्षा हेतु लगभग तीन करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति स्वीकृत की गई। एमबीबीएस, आईआईटी, एनआईटी एवं ट्रिपल आईआईटी में चयनित छात्राओं को 1.20 लाख रुपये मूल्य का लैपटॉप प्रदान करने का निर्णय लिया गया। दिव्यांग कर्मचारियों और आश्रित दिव्यांग बच्चों के लिए नौ लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा प्रत्येक दिव्यांग कर्मचारी एवं आश्रित को 28.56 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई।
