
रीवा। नगर निगम रीवा की राजस्व टीम द्वारा बड़े संपत्तिकर बकायादारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए कुर्की/तालाबंदी अभियान निरंतर जारी है. वसूली अभियान को तेज करते हुए नगर निगम राजस्व टीम आज जोन क्रमांक-02 में 4 स्थानों पर कुर्की की कार्रवाई हेतु पहुँची, जहां कार्रवाई के दौरान 2 बकायादारों द्वारा मौके पर ही बकाया संपत्तिकर राशि नगर निगम कोष में जमा कराई गई. वही वार्ड 19 में कार्यवाही के दौरान बच्ची देवी के 2 दुकानो की बकाया सम्पत्तिकर राशि 151168 रू. न जमा किये जाने पर दुकान में तालाबंदी की कार्रवाई की गई. इस दौरान नगर निगम उपायुक्त, सहायक आयुक्त, राजस्व अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, अतिक्रमण प्रभारी एवं उपराजस्व निरीक्षक उपस्थित रहे. साथ ही नगर निगम की राजस्व टीम ने स्पष्ट किया है कि आज से निगम के द्वारा दी गई किराये की दुकानो के बकाया राशि न जमा करने वाले दुकानदारों पर भी तालाबंदी की कार्यवाही की जावेगी. नगर निगम रीवा सभी नागरिकों से अपील करता है कि वे समय पर अपना संपत्तिकर एवं अन्य करों का भुगतान कर नगर के विकास कार्यों में सहभागी बनें.
