इंदौर: चोइथराम क्षेत्र में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला के साथ ठगी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. रानीपुरा से चोइथराम छोड़ने का झांसा देकर ई रिक्शा में बैठाने के बाद आरोपियों ने रास्ते में महिला को बातों में उलझाया और उसकी सोने की चूड़ियां उतार लीं. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई.
पीड़िता 65 वर्षीय साधना, निवासी चोइथराम ने पुलिस को बताया कि वह रानीपुरा प्लास्टिक की ट्रे खरीदने गई थी.
वापस लौटते समय वह ई रिक्शा का इंतजार कर रही थी, तभी एक ई रिक्शा चालक वहां आया और 10 रुपए में चोइथराम छोड़ने की बात कही थी, महिला ने पुलिस को बताया कि ई रिक्शा में पहले से एक युवक आगे बैठा हुआ था. कुछ दूरी तय करने के बाद जब ई रिक्शा संजय सेतु पर पहुंचा और वहां पुलिसकर्मियों को खड़ा देखा, तो चालक ने आगे बैठे युवक से पीछे आकर बैठने को कहा. इसके बाद युवक बुजुर्ग महिला के पास सटकर बैठ गया.
कुछ देर बाद चालक ने महिला से कहा कि वह पांच मिनट में लौट रहा है और किसी काम के बहाने उसे रास्ते में उतार दिया. इसके बाद वह ई रिक्शा लेकर मौके से फरार हो गया. थोड़ी देर बाद जब महिला ने अपने हाथों की ओर देखा, तो सोने की दोनों चूड़ियां गायब थीं. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पीसीआर वैन पहुंची और महिला को रावजी बाजार थाने ले जाया गया. पीड़िता ने बताया कि ई रिक्शा में चार युवक और एक युवती सवार थे. फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है. ई-रिक्शा और उसमें सवार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है.
