इंदौर: कनाडिया थाना क्षेत्र के बिचौली मर्दाना बायपास ब्रिज के पास देर रात ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर अज्ञात बदमाशों ने हमला किया और सिर में पत्थर मारकर फरार हो गए.स्कीम नंबर 136 में रहने वाले आरक्षक अनुराग शर्मा शहर में क्रिकेट मैच के बाद यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे, इसी दौरान उन्होंने देखा कि बायपास पर खड़ी आइशर गाड़ी में दो लोग सार्वजनिक रूप से शराब पी रहे थे. आरक्षक ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो दोनों बदमाश उलझ गए और गाड़ी मालिक को बुला लिया.
आरोपी ने आरक्षक के साथ गाली गलौज और हाथापाई की. ज्यों ही आरक्षक ने वायरलेस से मदद बुलाने की कोशिश की, आरोपियों ने जोरदार धक्का दिया और पीछे से पत्थर फेंक कर उनके सिर में मार दिया. आरक्षक अनुराग लहूलुहान हो गए और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा. थाना प्रभारी सहर्ष यादव ने बतायाकि आरक्षक की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है.
