
जबलपुर। रविवार को पारा चढऩे के साथ ठंड कमजोर पड़ गई। दिन मेें धूप खिली रही। रात में जरूर हल्की ठंड महसूस हुई। बादलों के छंटने के बाद एक बार फिर ठंड अपने तेवर दिखा सकती है । दो पश्चिमी विक्षोभ एक के बाद एक 19 जनवरी और 21 जनवरी की रात से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। रविवार को अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 6 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 79 और शाम को 46 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तरी हवाएं तीन से चार किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। मौसम विभाग की माने तो पश्चिमी विक्षोभ, जो पहले दक्षिण पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों पर चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में था, अब औसत समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊँचाई पर उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों पर स्थित है। दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों पर बना एक प्रेरित चक्रवातीय परिसंचरण अब मध्य राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों पर स्थित है तथा यह औसत समुद्र तल से 1.5 किमी तक फैला हुआ है। एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों पर औसत समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊँचाई पर बना हुआ है।
