बुलावायो, 18 जनवरी (वार्ता) नीतीश सुदिनी (नाबाद 117), अदित कप्पा (40), शिव सानी (33) की शानदार पारियों के दम पर अमेरिका ने रविवार को अंडर-19 विश्वकप के नौवें मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ नौ विकेट पर 253 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
आज यहां न्यूजीलैंड की अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी अमेरिका की शुरुआत खराब रही और उसने 40 के स्कोर पर अपने पांच विकेट गंवा दिये। अमरिंदर गिल (10), अदनीत झांब (छह), साहिल गर्ग (नौ), अमोघ अरेपल्ली (शून्य), कप्तान उत्कर्ष श्रीवास्तव (शून्य) पर आउट हुये। इसके बाद नीतीश सुदिनी और शिव सानी ने छठे विकेट के लिए 57 रन जोड़े। 23वें ओवर में शिव सानी (33) रन बनाकर आउट हुये। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आये अदित कप्पा ने नीतीश सुदिनी के साथ अमेरिका का स्कोर 200 तक पहुंचाया। 44वें ओवर में कैलम सैमसन ने अदित कप्पा 40 का शिकार कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद गिरते हुए विकेटों के बावजूद नीतीश सुदिनी ने मजबूती के साथ बल्लेबाजी करते हुए अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 133 गेंदों में 12 चौके और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 117 रनों की पारी खेली।
न्यूजीलैंड के लिए फ्लिन मोरे ने चार विकेट लिये। मेसन क्लार्क को तीन विकेट मिले। कैलम सैमसन, स्नेहित रेड्डी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
