जबलपुर: ओमती थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला को बातों के जाल में फंसाकर दो शातिर ठगों ने लाखों रुपये के सोने के जेवरात और कीमती आईफोन पार कर दिया। ठगों ने महिला को डराया कि उनका पहना हुआ सोना अशुद्ध है, जिसके कारण घर में परेशानियां चल रही हैं। इसके बाद झांसा देकर जेवरात उतरवाए और बाइक से रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन स्थित रब्स हाइट्स निवासी मधु टहिलियानी (56) सुबह करीब 07:15 बजे रोजाना की तरह वॉक पर निकली थीं। टहलते हुए सुबह लगभग 07:35 बजे वह नौदरा चौक स्थित शिवालय होटल के पास पहुंचीं। इसी दौरान दो ठगों ने डॉक्टर का पता पूछने के बहाने रोका। इसके बाद खुद को हरिद्वार का बताकर बातों के जाल में उलझाया और कहा कि उनका पहना हुआ सोना अशुद्ध है, जिससे घर में दिक्कतें चल रही हैं।
झांसे में आकर महिला ने अपने सोने के कड़े, गले की चेन लॉकेट सहित और अंगूठी उतारकर पर्स में रख दिए, जिसमें उनका आईफोन-15 भी था। ठग ने पर्स अपने साथी के हाथ में रखवाया और महिला को शुद्धिकरण के नाम पर 51 कदम आगे जाने को कहा। महिला जैसे ही 3 कदम आगे बढ़ी, दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
