नयी दिल्ली, 16 जनवरी (वार्ता) नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ‘इंडिगो संकट’ के दौरान तीन से पांच दिसंबर के बीच प्रभावित यात्रियों को मिलने वाले रिफंड और मुआवजे की निगरानी कर रहा है। डीजीसीए ने शुक्रवार को बताया कि इंडिगो ने इन तीन दिनों के दौरान रद्द उड़ानों के लिए सभी यात्रियों को जिस खाते से भुगतान हुआ है उसी खाते में पैसा वापस करने की जानकारी दी है।इसके अलावा, जो उड़ानें तय समय से 24 घंटे या उससे भी कम समय रहते रद्द की गयी थीं उनके यात्री मुआवजे के हकदार हैं। डीजीसीए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह जानकारी साझा करते हुए इंडिगो की वेबसाइट का वह लिंक भी साझा किया है जहां वे यह जांच कर सकते हैं कि वे मुआवजे के हकदार हैं या नहीं।
डीजीसीए ने यात्रियों को सलाह दी है कि चाहे वे सीधे टिकट बुक करायें या किसी ट्रेवल एजेंट के माध्यम से मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी अपनी ही दें ताकि जरूरत पड़ने पर विमान सेवा कंपनियां सीधे उनसे संपर्क कर सकें। इसके अलावा इंडिगो ने उन यात्रियों के लिए पांच-पांच हजार रुपये के दो वाउचरों की भी घोषणा की है जिनकी उड़ानें तीन से पांच दिसंबर के बीच तीन घंट से अधिक विलंब से उड़ी थीं या रद्द हो गयी थीं। यात्री इन वाउचरों का इस्तेमाल 12 महीने तक टिकटों की बुकिंग के लिए करा सकते हैं। इन यात्रियों के लिए भी नियामक ने इंडिगो की वेबसाइट का लिंक साझा किया है जहां वे देख सकते हैं उनकी उड़ान वाउचर सुविधा के दायरे में आती है या नहीं।

