सिंगरौली: जिला चिकित्सालय सह ट्रॉमा सेंटर सिंगरौली से जुड़ा एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वायरल ऑडियो में नॉर्मल प्रसव से संबंधित बातचीत सुनी जा रही है, जिसमें राशि तय किए जाने का उल्लेख है। हालांकि इस ऑडियो की पुष्टि नवभारत द्वारा नहीं की गई है।सोशल मीडिया पर प्रसारित करीब 4 मिनट 20 सेकंड के ऑडियो में एक महिला द्वारा गर्भवती महिला के परिजनों से बातचीत की जा रही है।
बातचीत में पहले ऑपरेशन की संभावना का जिक्र किया जाता है, इसके बाद नॉर्मल डिलीवरी कराए जाने की बात कहते हुए एक निश्चित राशि तय होने का उल्लेख सुनाई देता है।सूत्रों के अनुसार, गर्भावस्था के दौरान परिजन सामान्य रूप से सरकारी अस्पताल में इलाज कराते हैं, लेकिन प्रसव की तारीख नजदीक आने पर कई बार ऑपरेशन की संभावना बताई जाती है। ऑपरेशन की स्थिति में बाहर रेफर किए जाने और अधिक खर्च आने की जानकारी मिलने से परिजन मानसिक दबाव में आ जाते हैं। ऐसे में नॉर्मल डिलीवरी का विकल्प सामने आने पर परिजन सहमति जताते हैं।
ऑपरेशन और रेफर की चर्चा
वायरल ऑडियो में यह भी कहा गया है कि यदि ट्रॉमा सेंटर में ऑपरेशन किया गया तो व्यवस्थाएं अनुकूल नहीं हैं और बाहर रेफर करने पर खर्च अधिक हो सकता है। इस जानकारी के बाद परिजन असमंजस की स्थिति में आ जाते हैं। ऑडियो के आधार पर यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
फिलहाल वायरल ऑडियो को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की भूमिका पर नजर बनी हुई है।
