पुलिस के हत्थे चढ़ी झाबुआ गैंग, 71.5 लाख की लूट सामग्री बरामद

खंडवा। पुलिस ने गत दिनों पुनासा में हुई सनसनीखेज डकैती का पर्दाफाश करते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। घटना 9 जनवरी की है, जिसमें शाम को पुनासा के कृष्णा ज्वेलर्स पर हुई इस वारदात ने पूरे निमाड़ अंचल को हिलाकर रख दिया था। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय के निर्देशन में पुलिस ने न केवल 71.5 लाख रुपये की लूट की सामग्री (जेवरात व नकदी) बरामद की है, बल्कि अंतर्राज्यीय ‘झाबुआ गैंग’ के तीन शातिर डकैतों को भी धर दबोचा है।

घटना के बाद पुलिस के पास सुराग के नाम पर केवल चश्मदीदों के बयान थे। जांच में सबसे अहम कड़ी तब मिली, जब गवाहों ने बताया कि फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी चलते समय लंगड़ाता है और उसकी उम्र 40-45 वर्ष के बीच है। इसी लंगड़ाहट और हुलिए के आधार पर पुलिस ने स्केच तैयार किए और तफ्तीश की दिशा तय की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जबलपुर, मंडला और आसपास सक्रिय 12 संगठित गिरोहों की कुंडली खंगाली। जांच की सुई अंतत: झाबुआ की सकरिया रतन गैंग पर आकर रुकी, जो घटना के वक्त अपने इलाके से गायब थी। पुलिस ने मुखबिर तंत्र का इस्तेमाल करते हुए झाबुआ के बीहड़ों में डेरा डाला। चूंकि आरोपियों को उनके गढ़ से पकडऩा मुश्किल था, इसलिए पुलिस ने उनके बाहर आने का इंतज़ार किया और सही मौका देखकर उन्हें घेर लिया।

पिस्टल और 500 ग्राम सोना बरामद:पुलिस ने झाबुआ के तीन आरोपियों सकरिया (46), रतन (45) और विनोद (34)को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से डकैती में लूटे गए 500 ग्राम सोने के आभूषण, एक 12 बोर की देशी पिस्टल, 1 लाख रुपये नकद और 3 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। कुल बरामद संपत्ति की कीमत करीब 71.5 लाख रुपये आंकी गई है।

इसे पूरे ऑपरेशन को सफल बनाने में पुलिस की तीन विशेष टीमें बनाई गई थी, जिसमें नर्मदानगर से टीआई विकास खिंची के साथ सउनि सुरेश डाबर, महेन्द्र यादव, विरेन्द्र बिसेन, सुरज पाटील, प्रआर. महेन्द्र वर्मा, जितेन्द्र राठौर राकेश अवासे और मयाराम अवासे शामिल रहे। वही पुनासा से चौकी प्रभारी राजेन्द्र सयदे। टीम में प्रआर. जितेन्द्र मंडलोई, अरविंद बालके, विक्रम वर्मा, आरक्षक अनिल जाट, नन्दलाल गुर्जर और पुरुषोत्तम शामिल रहे। इसके अलावा एसआई राजू पाटिल, प्रआर. रफीक, लोकेश मीणा, केशर सिंह, आरक्षक अनिल, बाबला, सुनिल लांडगे और रामनरेश यादव ने अहम भूमिका निभाई। ?पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की पीठ थपथपाते हुए नकद इनाम की घोषणा की है। यह गिरोह आदतन अपराधी है, जिस पर म.प्र., महाराष्ट्र और गुजरात में दर्जनों मामले दर्ज हैं।

Next Post

मैहर में भी मनाया भारत पर्व बुन्देली लोकगीत और नौरता लोक नृत्य की रही धूम

Tue Jan 27 , 2026
सतना/ मैहर। गणतंत्र दिवस की संध्या पर नवगठित मैहर जिले में तीसरे भारत पर्व के आयोजन में बुन्देली लोकगीत और लोक नृत्य नौरता की धूम रही। मैहर में स्थानीय सरस्वती उ.मा.विद्यालय के सभाकक्ष में भारत पर्व के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ गणतंत्र दिवस समारोह की मुख्य […]

You May Like