सतना :मकर संक्रांति का मेला देखकर लौट रहे दो लोग सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए. पेड़ से बाइक टकराने के कारण जहां एक की मौत हो गई वहीं दूसरे व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है.प्राप्त जानकारी के अनुसार सिजहटा निवासी केशराम केवट 35 वर्ष और रामलला केवट उम्र 28 वर्ष बुधवार को मकर संक्रांति का मेला देखने के लिए गए थे.
पोंड़ी गरादा में आयोजित होने वाले मकर संक्रांति मेले में शामिल होने के बाद शाम के समय दोनों अपनी बाइक पर सवार होकर वापस लौट रहे थे. बताया गया कि जैसे ही उनकी बाइक रिमारी के निकट अकहा क्षेत्र में पहुंची वैसे ही अचानक अनियंत्रित हो गई.
देखते ही देखते बाइक सड़क किनारे मौजूद पेड़ से जा टकराई. कुछ देर बाद जब राहगीरों की नजर पड़ी तो डायल 112 को सूचित किया गया. जिसके चलते दोनों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया. लेकिन अस्पताल में जांच करने पर ड्यूटी डॉक्टर द्वारा केशराम को मृत घोषित कर दिया गया. जबकि रामलला की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद संजय गांधी मेडिकल कॉलेज रीवा के लिए रेफर कर दिया गया. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है.
