भोपाल: मुख्यमंत्री आवास पर आज भाई दूज के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बहनों को बड़ा उपहार देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि लाड़ली बहना योजना की अगली किश्त में प्रदेश की सभी लाड़ली बहनों को 1500 की राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि हर बहन आत्मनिर्भर और सम्मानपूर्वक जीवन जी सके।
भाई दूज के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में सादगीपूर्ण और पारिवारिक माहौल में आयोजन हो रहा है, जहां बहनों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को तिलक लगाकर उनके दीर्घायु और सफलता की मंगलकामना की। मुख्यमंत्री ने भी बहनों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया और शुभकामनाएं दीं।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेश के किसानों को भी दीपावली और धनतेरस पर राहत की सौगात दी। उन्होंने कहा कि धनतेरस के अवसर पर प्रदेश के किसानों को 781 करोड़ रुपए की राहत राशि दी गई है। इस वित्तीय वर्ष में अब तक किसानों को लगभग1802 करोड़ रुपए की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है।
